नई दिल्ली। देश के जाने-माने विधि विशेषज्ञ और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल का शनिवार को निधन हो गया। वे पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और कानूनी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेश में लिखा कि “स्वराज कौशल के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने एक वकील और इंसान दोनों रूपों में समाज की सेवा की। उन्होंने अपनी कानूनी प्रतिभा का उपयोग जरूरतमंदों की मदद के लिए किया और एक अलग पहचान बनाई।” प्रधानमंत्री ने इस दुखद घड़ी में उनकी बेटी बांसुरी स्वराज और परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्वराज कौशल एक प्रखर वकील के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे और देश के संवैधानिक मामलों में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। वे मिजोरम के राज्यपाल रह चुके थे और सुषमा स्वराज के साथ उनकी जोड़ी को राजनीतिक और वैचारिक रूप से एक प्रेरणा माना जाता रहा है। उनके निधन से देश ने एक संवेदनशील और प्रतिभाशाली व्यक्तित्व को खो दिया है।









