नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत यात्रा पर आने वाले हैं, और इसी से पहले उन्होंने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को लेकर अहम टिप्पणी की है। पुतिन ने कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ दबाव के बावजूद भारत स्वतंत्र निर्णय लेने वाला देश है और प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक दबाव में आने वाले नेताओं में से नहीं हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व आज भारत की स्वायत्त नीति को देख रहा है और यह भरोसे व रणनीतिक साझेदारी का मजबूत संकेत है। पुतिन ने अपने बयान में यह भी कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं और भारत यात्रा को लेकर प्रसन्नता महसूस कर रहे हैं।
भारत और रूस के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे कई प्रमुख विषयों पर बातचीत की संभावना जताई जा रही है। अमेरिका और पश्चिमी देशों की रूस के प्रति नीतियों के बीच यह दौरा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मुलाकात से भारत–रूस संबंधों में और मजबूती आ सकती है तथा वैश्विक समीकरणों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। भारत सरकार की ओर से यात्रा कार्यक्रम औपचारिक रूप से जल्द जारी होने की उम्मीद है।









