अयोध्या के मांझा जमथरा इलाके में 52 एकड़ भूमि पर वर्ल्ड लेवल मंदिर म्यूजियम स्थापित किया जाएगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। प्रदेश सरकार ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी टाटा संस को सौंपी है।
म्यूजियम में वेद-पुराण, प्राचीन भारतीय साहित्य, भारतीय मंदिर वास्तुकला, इतिहास और धार्मिक परंपराओं से जुड़ी दुर्लभ जानकारियां और कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक विरासतों और आध्यात्मिक धरोहरों का विस्तृत विवरण भी आगंतुकों को देखने को मिलेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद अयोध्या विश्व स्तर पर एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में उभरेगा। वहीं, स्थानीय स्तर पर भी इससे पर्यटन और रोजगार में बढ़ोत्तरी की उम्मीद की जा रही है।
म्यूजियम को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है और इसे भारत की आध्यात्मिक यात्रा के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।









