होली के दिन पाकुड़ में दिनदहाड़े हत्या, चाकू से हमला कर 44 वर्षीय देवराज सरकार की हत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क पाकुड़

होली के दिन पाकुड़ शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा स्थित नंदीपाड़ा में 44 वर्षीय देवराज सरकार उर्फ निमुवा की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया और त्योहार के माहौल के बीच दहशत का वातावरण बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देवराज सरकार अपने घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए करीब आठ से दस लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने उन्हें पकड़कर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में उनकी पीठ पर तीन तथा सीने के पास दो गहरे घाव लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज शुरू होते ही उनकी मौत हो गई। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि जब देवराज को अस्पताल लाया गया, तब उनकी हालत बेहद नाजुक थी और अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था।

मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने बताया कि हमलावरों की संख्या आठ से दस के बीच थी और उन्होंने कुछ लोगों की पहचान भी की है। उन्होंने पुलिस को संदिग्धों के नाम भी बताए हैं। परिवार का आरोप है कि सुनियोजित तरीके से उनके बेटे की हत्या की गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार देवराज सरकार का कुछ लोगों के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर पहले भी कई बार कहासुनी और झड़प की घटनाएं हुई थीं। हालांकि किसी ने यह नहीं सोचा था कि यह विवाद इतनी बड़ी वारदात का रूप ले लेगा।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अनुसंधान के बाद ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

होली जैसे त्योहार के दिन हुई इस निर्मम हत्या से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें