संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क। रांची।
झारखंड में फिलहाल ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद 5 दिसंबर से प्रदेश में शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे रांची, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, दुमका और आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे पहुंच सकता है। पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में कोहरा और शीतलहर की तीव्रता और अधिक बढ़ने की आशंका है।
ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह-शाम घना कोहरा छाने का भी पूर्वानुमान है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह जारी की है। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से गर्म कपड़े पहनने और बिना जरूरत बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, यह ठंड का पहला बड़ा दौर होगा जो कम से कम एक सप्ताह तक जारी रह सकता है।









