संथाल हूल एक्सप्रेस
अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली यात्री पेमा वांग थोंगडोक को चीन द्वारा हिरासत में लेकर परेशान करने का मामला सामने आने के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर सख्त आपत्ति जताते हुए साफ कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और निर्विवाद हिस्सा है, और इस पर किसी भी प्रकार का भ्रम फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
भारत ने कहा कि संबंधित महिला को चीन ने एकदम हास्यास्पद और निराधार आधार पर रोका था, जबकि वह भारतीय नागरिक हैं और वैध भारतीय पासपोर्ट रखती हैं। ऐसे में दुनिया के किसी भी देश की यात्रा करना उनका पूर्ण अधिकार है।
सरकार ने चीन को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लोग पूर्ण अधिकार के साथ भारतीय नागरिकता और भारतीय पासपोर्ट रखते हैं, और उनके साथ किसी भी प्रकार की मनमानी या उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं होगा।
हालिया विवाद को लेकर भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने भी अपना पक्ष मजबूती से रखा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।









