रांची में बेकाबू कार का तांडव, आधी रात ने निगली सड़क की शांति — कई लोग गंभीर रूप से घायलसंथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

रांची। राजधानी रांची सोमवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही ने मिलकर एक भयावह सड़क हादसे को जन्म दिया। चुटिया थाना क्षेत्र में एक बेकाबू कार ने राह चलते कई लोगों को कुचल दिया, जिसमें चार युवकों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने थाने तक पहुंचकर विरोध जताया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेएच-01एफएफ-6112 नंबर की कार बहुबाजार से तेज रफ्तार में चुटिया की ओर जा रही थी। चुटिया राम मंदिर के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनके हाथ-पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

युवकों को कुचलने के बाद भी कार चालक रुका नहीं। मौके से भागने की कोशिश में उसने चुटिया पावर हाउस के पास एक स्विगी डिलीवरी ब्वॉय को भी अपनी चपेट में ले लिया। डिलीवरी ब्वॉय को सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोग और पास से गुजर रही पीसीआर टीम ने कार का पीछा किया। महादेव मंडा के पास भीड़ ने वाहन को रोक लिया और गुस्से में चालक की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान भीड़ ने कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बड़े संघर्ष के बीच चालक को भीड़ से बचाते हुए हिरासत में ले लिया। वाहन को जब्त कर चुटिया थाना ले जाया गया है।

सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि चालक नशे की हालत में था, हालांकि मेडिकल जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की तफ्तीश जारी है और हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें