इंस्टाग्राम पर प्रेम जाल में फंसी नाबालिग, बरहरवा स्टेशन से आरपीएफ ने किया रेस्क्यू 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता | जितेन्द्र सेन

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम आरपीएफ की टीम ने सतर्कता दिखाते हुए एक नाबालिग लड़की को मानव तस्करी से बचा लिया। लड़की बरेली (उत्तर प्रदेश) जाने के उद्देश्य से स्टेशन पर खड़ी थी। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई शाम 6:30 बजे से की जा रही जांच अभियान के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि आरपीएफ की टीम  सहायक उपनिरीक्षक बी.एन. टुडू और कांस्टेबल राकेश कुमार के साथ जब प्लेटफार्म नंबर 1 के फुट ओवर ब्रिज के समीप पहुंची, तो एक लड़की को संदेहास्पद स्थिति में खड़ा देखा गया। पूछताछ करने पर लड़की घबरा गई और विरोधाभासी बयान देने लगी। बाद में उसने बताया कि उसकी उम्र लगभग 16 वर्ष है और वह जिला पाकुड़ की रहने वाली है।

लड़की ने स्वीकार किया कि वह बरेली के एक युवक से इंस्टाग्राम पर प्रेम करती है और बिना परिवार को बताए घर से भागकर उसी के पास जाने निकली थी। बरहरवा स्टेशन से वह बरेली जाने की तैयारी में थी। आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लड़की को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाकर सुरक्षित रखा और मामले की सूचना बाल संरक्षण मंथन, बरहरवा (साहिबगंज) को दी। पुलिस ने लड़की के घर का मोबाइल नंबर लेकर परिजनों को सूचित किया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, नाबालिग को बाल संरक्षण मंथन की अनुराधा मंडल को सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी, बाल श्रम और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें, ताकि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें