जमशेदपुर में कुटुंब प्रबोधन संगोष्ठी का आयोजन, भारतीय परिवार व्यवस्था के संरक्षण पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमशेदपुर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जमशेदपुर महानगर इकाई द्वारा शनिवार को स्वदेशी मेला, गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में ‘कुटुंब प्रबोधन संगोष्ठी’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय परिवार व्यवस्था के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. राजेश प्रसाद, प्रांत टोली सदस्य (कुटुंब प्रबोधन) ने कहा, “परिवार भारतीय संस्कृति की प्रथम पाठशाला है। संस्कार, श्रद्धा और सामंजस्य का विकास परिवार से ही होता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री श्याम सुंदर राव ने अपने संबोधन में कहा, “संघ के पंच प्रणों में ‘कुटुंब प्रबोधन’ का विशेष महत्व है। प्रत्येक परिवार समाज का सूक्ष्म स्वरूप है, इसलिए परिवार सुदृढ़ होगा तो राष्ट्र सशक्त होगा।”

इस अवसर पर महानगर सह संघचालक भास्कर जोशी ने सभी उपस्थित स्वयंसेवकों और परिवारजनों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बंदे शंकर, अनिल कुमार, मृत्युंजय और महेश साहू सहित अनेक स्वयंसेवक परिवारों ने भाग लिया।

संगोष्ठी के अंत में “संयुक्त, सुरक्षित, सम्पन्न, आनंदित एवं सुस्वास्थ्य परिवार” के संकल्प को दोहराया गया और भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन समकालीन चुनौतियों के बीच भारतीय पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें