धनबाद। नवरात्रि समापन के अवसर पर शुक्रवार को धनबाद के मनईटांड़ स्थित छठ तालाब पर किन्नर समाज ने आस्था और उल्लास के साथ कलश विसर्जन किया। झारखंड किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य एवं जिला किन्नर समाज की अध्यक्ष सुनयना सिंह किन्नर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के सदस्य शामिल हुए।
सुनयना सिंह किन्नर ने बताया कि प्रतिवर्ष नवरात्रि में किन्नर समाज द्वारा देवी मां की पूजा-अर्चना कर कलश स्थापित किया जाता है और नौ दिनों के बाद एकादशी के दिन विधिवत विसर्जन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता को मजबूत करने का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से जिले की समृद्धि और सभी नागरिकों के सुख-शांति की कामना करते हुए देवी मां को विदाई दी। इस अवसर पर समाज के सदस्यों ने परस्पर शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
