कांग्रेस नेत्री ब्यूटी मंडल की पहल पर उपायुक्त ने दिया त्वरित आदेश
लोहरदगा, प्रतिनिधि।
लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड स्थित ग्राम ओपा की निवासी प्रभा देवी को अब सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए कांग्रेस नेत्री एवं सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल द्वारा उठाए गए कदम पर जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रभा देवी के पति का लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। इसके कुछ समय बाद ही उनके सास-ससुर की भी मृत्यु हो गई। घर की पूरी जिम्मेदारी अब प्रभा देवी पर आ गई है। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे वर्तमान में सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रभा देवी मजदूरी कर किसी तरह बच्चों का पालन-पोषण करती हैं, लेकिन नियमित काम न मिलने से उनका जीवन बेहद कठिनाई भरा रहा है।
ब्यूटी मंडल ने प्रभा देवी की इस दयनीय स्थिति को ट्विटर (अब X) पर उजागर करते हुए उपायुक्त लोहरदगा को टैग किया और उनसे मदद की गुहार लगाई। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि प्रभा देवी और उनके बच्चों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए, विशेषकर स्पॉन्सरशिप योजना के तहत सहायता सुनिश्चित की जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई और परिवार की बुनियादी आवश्यकताएं पूरी हो सकें।
उक्त ट्वीट पर उपायुक्त ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए जवाब दिया – “मामला संज्ञान में है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।” प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रभा देवी के लिए जरूरी दस्तावेज़ी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ मिलेगा।
इस पूरे मामले से यह साफ होता है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद ज़रूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।