जामताड़ा: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण कमजोर हुई ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतका की पहचान पन्दनी गांव निवासी शंकर राय की करीब 25 वर्षीय पत्नी लीलावती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 12 बजे दंपति अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान घर से सटी कमजोर दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई।
मलबे में दबे दंपति, अस्पताल ले जाने के दौरान महिला की मौत
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल नारायणपुर के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। धनबाद ले जाने के दौरान लीलावती की हालत और बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पति शंकर राय का इलाज जारी है।
आठ महीने की गर्भवती थी लीलावती
परिजनों के मुताबिक, लीलावती आठ महीने की गर्भवती थी। परिवार को करीब एक महीने बाद बच्चे के जन्म की उम्मीद थी। हादसे में लीलावती और उसके अजन्मे बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
प्रशासन ने लिया घटना का जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नारायणपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी मिहिर सोरेन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे में हुए नुकसान का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।









