चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रांजन और छोटाकांकी सीमा पर स्थित चेकडैम में नहाने गया एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। लापता युवक की पहचान प्रद्युम्न प्रधान के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन के निर्देश पर NDRF की टीम ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
बताया गया कि प्रद्युम्न रोजाना की तरह स्कूली बच्चों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के बाद दोपहर में अपने दो साथियों के साथ रांजन-छोटाकांकी चेकडैम पहुंचा था। तीनों युवक वहां नहाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान ऊपरी क्षेत्र से अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और जलस्तर तेजी से ऊपर उठने लगा। तेज धार और भंवर की चपेट में आने से प्रद्युम्न अपना संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया।
दो साथी तैरकर सुरक्षित निकले
प्रद्युम्न के साथ नहा रहे दोनों युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से युवक की तलाश शुरू की।
ग्रामीणों ने जाल और रस्सियों से की तलाश
स्थानीय लोगों ने जाल और रस्सियों की मदद से चेकडैम तथा नदी के बहाव वाले हिस्से में प्रद्युम्न की तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को राहत एवं बचाव कार्य के लिए लगाया गया है।
मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों से तलाश
NDRF के प्रशिक्षित गोताखोर मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से चेकडैम और उससे जुड़े नदी मार्ग में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रद्युम्न के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।
तेज बहाव वाले जलस्रोतों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने जलस्रोतों में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से चेकडैम, नदी और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से विशेष रूप से बारिश के दौरान जलस्रोतों में सावधानी बरतने की अपील की है।









