रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में जमीन म्यूटेशन प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य के अंचल कार्यालयों में म्यूटेशन के नाम पर खुलेआम लाखों रुपये की वसूली हो रही है। उन्होंने कहा, आजकल पोस्टिंग के लिए लगने वाली बोली में उपायुक्त से ज्यादा रेट अंचलाधिकारी का हो गया है। म्यूटेशन के लिए घूस लेने वाले अधिकारी अब जमीन में हिस्सा लेने लगे हैं। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोप लगाया कि वह अंचल कार्यालयों से उनके आवास तक पहुंचने वाले “मोटी कमीशन” के कारण इस भ्रष्टाचार पर चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि गरीब आदिवासियों की जमीन हड़पी जा रही है और भू-माफिया सक्रिय हैं। मरांडी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि वह भ्रष्ट अंचलाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें, लंबित म्यूटेशन मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित कराएं और आम लोगों को परेशान होने से बचाएं। अभी तक सरकार की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
