हजारीबाग। झारखंड भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने सोमवार सुबह हजारीबाग स्थित नेक्सजेन महिंद्रा शोरूम को सील कर दिया। यह शोरूम निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के करीबी सहयोगी विनय कुमार सिंह से संबंधित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एसीबी की यह कार्रवाई सुबह करीब 7:30 बजे की गई। एजेंसी ने कल रात करीब 1 बजे शोरूम खोलने का अनुरोध किया था, लेकिन स्टाफ द्वारा इनकार किए जाने के बाद आज सुबह शोरूम को सील कर दिया गया। परिसर के बाहर एक आधिकारिक नोटिस भी चस्पा किया गया है।
यह कार्रवाई एसीबी हजारीबाग में दर्ज कांड संख्या 9/25 के तहत की गई है। सूत्रों के अनुसार, एसीबी टीम ने छापेमारी के दौरान सात कंप्यूटर सीपीयू, एक लैपटॉप और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं। शोरूम के सील होने से ग्राहक और कर्मचारी चिंतित हैं, क्योंकि त्योहारी सीजन में इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एसीबी द्वारा जारी कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।
