पाकुड़ में CSP संचालक से दिनदहाड़े 2.95 लाख की लूट, पुलिस ने जंगल में की घेराबंदी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

पाकुड़/ अमड़ापाड़ा

जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। सिंगारसी पंचायत के पकलो गांव के पास बदमाशों ने एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक रंजीत कुमार भगत से 2 लाख 95 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप और उनकी बाइक लूट ली। घटना के बाद आरोपी लिट्टीपाड़ा की ओर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीएसपी संचालक रोज की तरह अपने केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान बोका मोड़ के पास दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर हथियार का भय दिखाया और नकदी, लैपटॉप व बाइक छीनकर फरार हो गए। ग्रामीणों में इस वारदात को लेकर भारी दहशत का माहौल है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदमाशों ने रंजीत भगत की गतिविधियों पर पहले से नज़र रखी थी। उन्हें मालूम था कि संचालक अक्सर बड़ी रकम लेकर अकेले बाइक से केंद्र जाते हैं। इसी कारण अपराधियों ने सटीक समय देखकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा व लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने अपराधियों की एक बाइक और संचालक की बाइक बरामद कर ली है। हालांकि नकदी और लैपटॉप अब तक नहीं मिल सके हैं।

पुलिस को शक है कि आरोपी लिट्टीपाड़ा और अमड़ापाड़ा के बीच घने जंगल में छिपे हैं। ग्रामीणों की मदद से पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

दिनदहाड़े सीएसपी संचालक को निशाना बनाए जाने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने सीएसपी संचालकों और छोटे व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें