सर्पदंश से बचाव को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना आवश्यक : उपायुक्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

आपदा प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

हजारीबाग : उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में 12 सितंबर को आपदा प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिवृष्टि, ग्रामीण घरों की क्षति, हाथियों के उत्पात से हुई हानि, फसल बर्बादी सहित आपदा से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इस वर्ष हुई अत्यधिक वर्षा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों को हुई क्षति का आकलन शीघ्र पूरा किया जाए। इसके लिए सभी अंचलाधिकारी पंचायत सचिव के माध्यम से विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। ठनका या बाढ़ से हुई पशुओं की मृत्यु के मामलों में मुआवजा प्रक्रिया को तेज करने हेतु मामलों पर विशेष चर्चा की गई। इसी प्रकार सर्पदंश के कारण हुई मृत्यु के मामलों में मुआवजा शीघ्र दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को मृतक का पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सर्पदंश से बचाव को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। इसके लिए स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट की मदद से इच्छुक लोगों को प्रखंडवार सांप पकड़ने का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, इस प्रशिक्षण के इच्छुक व्यक्ति आपदा विभाग, हजारीबाग में आवेदन या संपर्क कर सकते हैं। खनन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आग और पानी से बचाव के लिए मॉक ड्रिल आयोजित कर प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा आगामी शीत ऋतु को देखते हुए प्रखंड स्तर पर शेल्टर होम निर्माण की आवश्यकता का आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश अंचलाधिकारियों को दिया गया। बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़े सरकारी प्रावधानों और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी विशेष बल दिया गया। इस बैठक में डीएफओ पूर्वी उज्ज्वल कुमार, अपर समाहर्ता संतोष कुमार, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा, सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी निवेदिता राय व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें