तालडीह-गणपूरा में महिला की हत्या का खुलासा, पति निकला कातिल – पुलिस ने किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांड किये उद्वेलन

पाकुड़/ पाकुड़िया संवाददाता

अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की नाकाम कोशिश की। लेकिन पाकुड़िया पुलिस की तत्परता से मामला सुलझ गया और एक सप्ताह के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उक्त जानकारी बुधवार को पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में दी।

एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि 9 सितंबर 2025 को पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तालडीह-गणपूरा गांव के पास नदी किनारे तांड की ओर एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला के शरीर और सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या कर शव को फेंका गया है।

मामले में पाकुड़िया थाना में दर्ज हुआ केस

पुलिस द्वारा पाकुड़िया थाना में कांड संख्या 38/25, धारा 103 (1), 238/3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। चूंकि महिला की पहचान नहीं हो पाई थी, इसलिए पोस्टमार्टम कराने के बाद डीएनए जांच के लिए मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखा गया।

एसआईटी का गठन कर कड़ियों को जोड़ा गया

एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर मामले की गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया, जिसमें महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, नागेंद्र कुमार, नीलनाथ सिंह, महादेव चौधरी समेत अन्य पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया।

जांच के क्रम में कई गवाहों से पूछताछ की गई। साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़ने पर पता चला कि घटना के दिन मृतका के साथ तालडीह-गणपूरा निवासी रतन मैडय्या, पिता – स्व. देबू मैडय्या को अंतिम बार देखा गया था। वह वर्तमान में पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले में कबाड़ बीनने का कार्य करता था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।

एसआईटी टीम ने बर्धमान रेलवे थाना सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी रतन मैडय्या को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक था, इसी कारण उसने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस की तत्परता से एक सप्ताह में हुआ खुलासा

महज एक सप्ताह के भीतर मामले का उद्भेदन कर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि हत्या जैसे संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की गंभीरता और जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने एसआईटी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनता का पुलिस पर विश्वास बना रहे, इसके लिए हर मामले में निष्पक्ष और तेज कार्रवाई जरूरी है।

–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें