दिल्ली में बिहार BJP की अहम बैठक आज, अमित शाह करेंगे सीट बंटवारे पर चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज दिल्ली में बिहार भाजपा की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में बिहार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में एनडीए के भीतर सीट बंटवारे पर अंतिम चर्चा हो सकती है। भाजपा और जदयू के बीच सीटों को लेकर खींचातानी जारी है। 2020 विधानसभा चुनाव में जदयू ने 115 और भाजपा ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार भाजपा भी 115 सीटों पर दावा ठोक रही है, जबकि जीतनराम मांझी की हम पार्टी और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के लिए भी सीट निकालना भाजपा के लिए चुनौती साबित हो सकता है।
वहीं, लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने इस बार 40 सीटों की मांग रख दी है। 2015 में लोजपा ने 47 सीटों पर और 2020 में NDA से अलग होकर 137 सीटों पर चुनाव लड़ा था। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि एनडीए में किसे कितनी सीटें मिलती हैं। इस बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति और आगे की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि अमित शाह इस दौरान नेताओं की राय लेंगे और सीट बंटवारे पर अपनी अंतिम मुहर लगा सकते हैं।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें