सिमडेगा। जिले की पुलिस ने ऑपरेशन रेड हंट के तहत बड़ी सफलता दर्ज की है। लंबे समय से फरार चल रहे 09 लाल वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।
दशकों पुराने मामले, आखिरकार गिरफ्तारी
एसपी ने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग थानों में दर्ज पुराने मामलों में फरार आरोपियों पर शिकंजा कसा। इनमें शांति खड़ियाइन और विलो देवी ठेठईटांगर थाना कांड संख्या 22/1990, दहेज प्रताड़ना मामला, 35 वर्षों से फरार। अजय टोप्पो बानो थाना कांड संख्या 25/2009, हत्या मामला, 16 वर्षों से फरार। इंदु नायक कोलेबिरा थाना कांड संख्या 56/2001, डकैती मामला, 24 वर्षों से फरार। महावीर मेहर सिमडेगा थाना कांड संख्या 51/2010, जमीन विवाद मामला, 15 वर्षों से फरार। अमासु ग्वाला पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 128/2008, हत्या मामला, 17 वर्षों से फरार। रामविलास बड़ाइक बोलबा थाना कांड संख्या 11/2000, गबन मामला, 25 वर्षों से फरार।बानीफास मिंज बोलबा थाना कांड संख्या 143/1995, हत्या मामला, 30 वर्षों से फरार।
आत्मसमर्पण और अन्य तथ्य
पुलिस की सख्ती और अभियान के दबाव में एक अन्य लाल वारंटी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण भी किया है। वहीं, सात लाल वारंटियों की मृत्यु हो चुकी है।एसपी एम. अर्शी ने कहा कि ऑपरेशन रेड हंट आगे भी जिले में लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य वर्षों से फरार चल रहे अपराधियों को न्याय के कटघरे तक लाना है।