Search
Close this search box.

वोटर अधिकार यात्रा : पटना में INDIA गठबंधन की ताकत का प्रदर्शन, राहुल गांधी के साथ दिग्गज नेताओं का महाजुटान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। राजधानी पटना में रविवार को आयोजित “वोटर अधिकार यात्रा” विपक्षी गठबंधन INDIA की एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन साबित हुई। गांधी मैदान से लेकर डाकबंगला चौराहा तक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां हाथों में पार्टी झंडे लिए कार्यकर्ता अपने नेताओं के स्वागत में जुटे रहे।

इस यात्रा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाकपा महासचिव डी राजा, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी सहित कई बड़े नेता शामिल हुए। सभी नेता गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से खुली वैन में सवार होकर डाकबंगला चौराहे के मंच तक पहुंचे।

मार्च की शुरुआत गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई और समापन अंबेडकर प्रतिमा पर श्रद्धांजलि के साथ प्रस्तावित था। हालांकि, प्रशासन ने यात्रा को डाकबंगला तक सीमित रखने की अनुमति दी। यात्रा एसपी वर्मा रोड होते हुए नेहरू पथ के अंबेडकर पार्क तक पहुंची, जहां दोपहर बाद सभा आयोजित की गई।

कड़ी धूप और उमस के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। भाकपा महासचिव डी राजा आम लोगों के बीच बैठकर मार्च में शामिल होते नजर आए। डाकबंगला चौराहे पर बने मंच पर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और दीपांकर भट्टाचार्य जैसे नेता मौजूद रहे। मंच से हाथ हिलाकर तेजस्वी यादव ने समर्थकों का अभिवादन किया, जिससे भीड़ में उत्साह और बढ़ गया।

इस महाजुटान ने विपक्षी एकता का संदेश देने के साथ-साथ आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए गठबंधन की मजबूती को भी प्रदर्शित किया।

Leave a Comment

और पढ़ें