रांची । झारखंड में बढ़ते किडनी रोगों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को घोषणा की कि रांची में 2200 बेड का विश्वस्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा।
यह परियोजना ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित कंपनी Austin Hospital & Services और झारखंड सरकार के सहयोग से साकार होगी। मंत्री ने बताया कि कंपनी के सीईओ आंद्रेई कोल्मोगोरोव निवेश के लिए सहमत हो चुके हैं।
राजनीति से परे, स्वास्थ्य पर फोकस
मंत्री अंसारी ने कहा, “इस परियोजना को राजनीति से अलग रखा जाएगा। मकसद केवल झारखंड और पूरे पूर्वी भारत की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देना है।”
सुविधाएं और महत्व
अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण (किडनी ट्रांसप्लांट) की अत्याधुनिक सुविधा होगी।
मरीजों को किडनी से जुड़ी सभी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
यह अस्पताल पूर्वी भारत का सबसे बड़ा किडनी केयर सेंटर साबित हो सकता है।
वर्तमान व्यवस्था
फिलहाल झारखंड सरकार मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत किडनी, लीवर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में मरीजों को 15 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है।
राज्य के कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेमोडायलिसिस यूनिट्स पहले से शुरू की जा चुकी हैं।
एक नई स्वास्थ्य क्रांति की ओर
मंत्री अंसारी ने कहा कि यह पहल उनके “लगातार प्रयास और जनता के आशीर्वाद” का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अस्पताल झारखंड ही नहीं, बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पड़ोसी राज्यों के मरीजों के लिए भी वरदान साबित होगा।