रांची। झारखंड की महिलाओं के लिए करम पर्व इस बार और भी खास होने जा रहा है। राज्य सरकार ने मंईयां सम्मान योजना’ के तहत लाभार्थी महिलाओं को 2,500 रुपये की 13वीं किस्त देने का ऐलान किया है। सामाजिक सुरक्षा विभाग ने सभी जिलों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, 31 अगस्त से राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अगले दो से तीन दिनों में यह रकम लाभार्थियों के खातों में पहुंच जाएगी। राज्य सरकार ने इससे पहले जुलाई महीने में रक्षाबंधन के मौके पर भी महिलाओं के खातों में किस्त की राशि भेजी थी। उद्देश्य यही था कि त्योहार के दौरान महिलाओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। अब करम पर्व से पहले भी यह किस्त जारी कर राज्य सरकार ने ‘त्योहारों के साथ सम्मान’ का संदेश दिया है।
कितनी महिलाओं को होगा फायदा?
इस बार की किस्त से 50 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी। जुलाई माह में भी लगभग 50 लाख 30 हजार महिलाओं को योजना का लाभ मिला था।मंईयां सम्मान योजना झारखंड सरकार की उन प्रमुख योजनाओं में से है, जिनका सीधा असर महिलाओं के जीवन पर देखा गया है। योजना के तहत नियमित अंतराल पर मिलने वाली राशि न केवल आर्थिक संबल प्रदान करती है बल्कि इसे महिलाओं की सशक्तिकरण की दिशा में कदम के रूप में भी देखा जाता है।वहीं राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि करम पर्व जैसे महत्वपूर्ण आदिवासी त्योहार से पहले यह आर्थिक मदद सरकार की ग्रामीण और आदिवासी महिलाओं तक पहुंच बढ़ाने का प्रयास भी है। झारखंड के सामाजिक ताने-बाने में करम पर्व की अहमियत को देखते हुए यह कदम सरकार की रणनीतिक प्राथमिकताओं को भी दर्शाता है।