गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे आज देवघर में देंगे गिरफ्तारी, बाबा बैद्यनाथ धाम में जबरन प्रवेश मामले में दर्ज है मुकदमा

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

देवघर: गोड्डा के भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे आज (शनिवार) देवघर में पुलिस के समक्ष अपनी गिरफ्तारी देंगे। सांसद ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, “पूजा करने के कारण यह केस है। अब तक मेरे ऊपर 51 केस दर्ज हैं। कल देवघर एयरपोर्ट से सीधे पुलिस स्टेशन जाकर गिरफ्तारी दूंगा।”

मामला श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर से जुड़ा है। 2 अगस्त को सांसद निशिकांत दुबे, दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी, दुबे के पुत्र कनिष्ककांत दुबे, दोनों सांसदों के निजी सहायक और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप है कि उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर लगी रोक का उल्लंघन किया। इस मामले में देवघर की पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में कहा गया है कि मेला अवधि में वीवीआईपी दर्शन और गर्भगृह में प्रवेश पर रोक थी, इसके बावजूद सभी ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए जबरन गर्भगृह में प्रवेश किया। इस पर 7 अगस्त को देवघर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

डॉ. दुबे ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के कारण मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके लिए मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। वहीं, इस मामले को लेकर देवघर और गोड्डा में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

आज दोपहर के बाद सांसद निशिकांत दुबे दिल्ली से देवघर पहुंचेंगे और सीधे थाने जाकर गिरफ्तारी देंगे। उनके समर्थकों ने इस कदम को “आस्था और न्याय के लिए संघर्ष” बताया है, जबकि विरोधी दल इसे नियमों की खुली अवहेलना करार दे रहे हैं।

श्रावणी मेले में सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर यह मामला अब न केवल कानूनी बल्कि राजनीतिक बहस का भी विषय बन गया है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment