भाजपा के आरोप पर झामुमो ने किया पलटवार: केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डे ने कहा महापुरुषों का सम्मान करना हमें भाजपा से सीखने की जरूरत नहीं

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे “झूठा, भ्रामक और सस्ती राजनीति” करार दिया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा झारखंड के शहीदों और महापुरुषों के नाम पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि कोलियरी मजदूर यूनियन के महाधिवेशन में किसी भी महापुरुष का अपमान नहीं किया गया। उन्होंने कहा,भगवान बिरसा मुंडा, बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर, सिद्धू-कान्हू सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरों को मंच पर श्रद्धा और सम्मान के साथ सजाया गया था। उन्हें पैरों के नीचे रखने जैसी बातें नितांत झूठ और दुर्भावनापूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि झामुमो इन महापुरुषों की विचारधारा को न केवल मानता है, बल्कि उसी के मार्गदर्शन में अपनी राजनीतिक दिशा तय करता है। पार्टी का संघर्ष इन महान विभूतियों के सिद्धांतों पर आधारित रहा है।

आदिवासी समाज को छलने का कार्य भाजपा ने किया है – विनोद पाण्डे
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डे ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा,हम भाजपा से पूछना चाहते हैं कि जिनकी नीतियां बार-बार आदिवासी अधिकारों और सामाजिक न्याय को कुचलती हैं, वे किस मुंह से भगवान बिरसा मुंडा और बाबासाहेब अंबेडकर का नाम लेते हैं?उन्होंने कहा कि असली अपमान तब होता है जब संविधान की आत्मा और सामाजिक समरसता को चोट पहुंचाई जाती है। भाजपा को तथ्यों की जांच किए बिना आरोप नहीं लगाने चाहिए।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment