संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रांची स्थित बिरसा मुंडा फन पार्क में योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” पर आधारित इस आयोजन में बड़ी संख्या में रांची वासियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी उपस्थित रहे। उन्होंने योग अभ्यास में भाग लेते हुए लोगों को संबोधित करते हुए कहा,योग केवल शरीर को लचीला बनाने की प्रक्रिया नहीं है, यह एक ऐसी भारतीय विद्या है जो जीवन के हर पहलू को सकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। यह मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है और आधुनिक जीवन की चुनौतियों से निपटने में सहायता करता है।
वहीं झारखंड सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना है कि झारखंड न केवल भौतिक रूप से स्वस्थ, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी सशक्त बने। इसी दिशा में स्वास्थ्य विभाग योग और आयुष आधारित पहल को बढ़ावा दे रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की इन प्रमुख योजनाएँ के बारे स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी
*पूर्वी जेल रोड, रांची में राज्य स्तरीय योग केंद्र आम नागरिकों के लिए संचालित किया जा रहा है।
*राज्य के स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाएँ।
*745 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में करीब 1000 योग प्रशिक्षक कार्यरत हैं, जो नियमित योग सत्र आयोजित कर रहे हैं।
*प्रति पुरुष प्रशिक्षक द्वारा प्रति माह 32 योग सत्र
*प्रति महिला प्रशिक्षक द्वारा प्रति माह 20 योग सत्र
*रांची और पूर्वी सिंहभूम में 50-बिस्तरों वाले धन्वंतरि आयुष अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
*10 चलंत आयुष अस्पताल, पंचकर्म केंद्र और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विशेष आयुष चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार ने ऐसे पेश किया है कि योग को उन्होंने ही आविष्कार किया। ऐसा प्रोपेगंडा फैलाया गया कि 2014 से पहले योग था ही नहीं जबकि कांग्रेस के शासनकाल से ही योग को तवज्जो दी गई है योग हमारा जीवन का हिस्सा है योगा के नाम पर भाजपा की राजनीति अब नहीं चलने वाली है।