संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची:झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर मौसम ने करवट ले लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 से 21 जून तक रांची, खूंटी, रामगढ़ ,बोकारो, पूर्वी सिंहभूम,पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां में रेड अलर्ट जारी की गई है। वही इनसे सटे इलाको में येलो अलर्ट जारी की गई है।
तेज बारिश के साथ वज्रपात की आशंका
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए बताया रांची और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश, आंधी और वज्रपात होने की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जान-माल की क्षति पहुंचा सकती हैं। इसलिए लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़ा होने से बचने की सलाह दी गई है।
किसानों को दी गई सावधानियां
कृषि कार्यों में जुटे किसानों को मौसम विभाग ने खास हिदायत दी है। मौसम विभाग के ओर से हिदायत दी गई कि तेज बारिश और वज्रपात के दौरान खेतों में काम करने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।इसके अलावा किसानों को यह भी सलाह दी गई है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए नाली व्यवस्था मजबूत करें और जलभराव से बचने के उपाय करें।
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन दलों को रखा अलर्ट मोड में
रांची जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन दलों को सतर्क कर दिया है। सभी प्रखंडों और नगर निगम क्षेत्रों को निर्देश दिया गया है कि वे संभावित जलजमाव, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी परिस्थितियों के लिए तैयार रहें।
विद्यालयों में कक्षा KG से लेकर कक्षा 12वी तक 19 जून को बंद किया गया है
खराब मौसम को देखते हुए रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार कक्षा KG से लेकर 12 वी तक के सभी स्कूलों को आज बंद रखा गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई रेड अलर्ट यह दर्शाता हैं कि आज भारी बारिश होने की संभावना है जिस कारण बच्चों को मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए रांची उपायुक्त द्वारा यह निर्णय लिया गया।
