रिश्तों पर शक और जल्दबाजी में पंकज ने कराई थी सुपारी देकर हत्या
एसडीपीओ ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
साहिबगंज। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉलेज रोड स्थित जीएस इलेक्ट्रिकल्स के मालिक संजीव साह हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसडीपीओ किशोर तिर्की ने अनुमंडलीय कार्यालय स्थित अपने कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि संजीव की हत्या के बाद नगर थाना में कांड संख्या 74/ 25 दर्ज कर एसआईटी की टीम ने पूर्व में मनीष कुमार मंडल, कुश कुमार मंडल, विनोद कुमार तांती, छंगूरी रजक उर्फ चुटरा व गोविंद कुमार मंडल को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एक टीम ने संजीव उर्फ गुड्डू की सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी पंकज कुमार मंडल (42) को भागलपुर टाउन स्थित एक रिश्तेदार के यहां से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक मोबाइल बरामद किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पंकज एक महिला से प्रेम करता था। पंकज ने महिला को कर्ज भी दे रखा था। इस दौरान पंकज ने ननिहाल हिस्से में मिले प्लॉट में मार्केट बनाना शुरू किया। उसे पैसों की जरूरत पड़ी। जिसके बाद उसने महिला से पैसा मांगा शुरू की। लेकिन महिला आनाकानी करने लगी। उसने पंकज से दूरी बनानी शुरू कर दी। पंकज ने संजीव से अपने घर मे सीसीटीवी लगवाया था। जिसका 18 हजार में से 7 हजार बाकी था। संजीव उससे इसका तकादा कर रहा था। वहीं पंकज अपने कॉम्प्लेक्स के ऊपर तल्ले में भाड़ेदार ढूढ़ रहा था। लेकिन कोई भाड़ा लेने के लिए तैयार नहीं थी। इस दौरान उसे लगा कि संजीव और उक्त महिला के चलते उसे भाड़ेदार नहीं मिल रहे हैं। इस बीच संजीव से भी उसकी दूरी बनने लगी थी। 29 अप्रैल को संजीव शादी में शामिल होने पटना गया था। वहीं उक्त महिला भी शादी में शामिल होने बाढ़ गयी। लेकिन उसने पंकज को मोकामा बता दिया। पंकज शक को पुख्ता करने के लिए मोकामा पहुंच गया। लेकिन उक्त महिला उसे वहां नहीं मिली। ना ही उसने पंकज का फोन उठाया। जिससे पंकज का शक गहरा होता चला गया। इसके बाद उसने अन्य के साथ मिलकर संजीव की हत्या की साजिश रची। बदमाशों के साथ सुपारी की रकम तय होने के बाद पंकज मुंगेर चला गया। जहां से उसने 50 हजार रुपये खर्च कर एक देसी पिस्टल व 51 ग़ोली खरीदी। जिसमें से 7 ग़ोली टेस्टिंग करने के बाद हथियार बदमाशों को दे दिया। वहीं पूर्व में गिरफ्तार बदमाशों में से किसी ने देसी कट्टा और कारतूस उपलब्ध कराया। इसके बाद बदमाशों ने संजीव की ग़ोली मार कर हत्या कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि वारदात में शामिल 3 और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। छापामारी दल में नगर थाना इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता, पुअनि अनिश कुमार पांडेय, प्रदीप कुमार महतो, आरक्षी अभिषेक राज, अंकुर कुमार, मंदु कुमार यादव शामिल थे।
=============
पैदल ही जाना पड़ा कोर्ट
इधर एसडीपीओ के यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पंकज मंडल को कोर्ट ले जा रही पुलिस का वाहन खराब हो गया। जिसके बाद पुलिस आरोपी को पैदल शहर के कई मार्गों से हो कर कोर्ट पहुंची। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।