संथाल हूल एक्सप्रेस/पाकुड़िया संवाददाता, पाकुड़िया
पाकुड़िया: रविवार शाम को पाकुड़िया से दुमका मोंगला बाँध मुख्य पीडब्ल्यूडी सड़क पर स्थित सिद्धो-कान्हू चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में लगभग 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मोगलाबांध गांव निवासी लालून बीबी (पत्नी रमजान मियां) के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने घर से पशु खोजने निकली थी कि तभी दुमका की ओर से काफी तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बोलेरो वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद बोलेरो वाहन बिना रुके तेज रफ्तार में फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पाकुड़िया थाना पुलिस को सूचित किया और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। जहाँ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भरत भूषण भगत ने बताया कि अंदरुनी गंभीर चोट के कारण महिला की मौत हो चुकी है।
पुलिस पहुँची मौके पर, जांच शुरू—
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, एएसआई संजीव टुडू सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे और मृतका के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार बोलेरो वाहन की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि पीडब्ल्यूडी सड़क पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण इस प्रकार की घटनाएँ आम हो चुकी हैं। उन्होंने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्ती बढ़ाने की माँग की है।