पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत मोंगलाबांध पंचायत की मुखिया एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका करुणा हेम्ब्रम का मंगलवार को हृदयगति रुकने से निधन हो गया। 75 वर्षीय करुणा हेम्ब्रम पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं और इलाज के लिए उन्हें दुमका स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, पंचायत और प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर मोंगलाबांध स्थित उनके आवास पर लाया गया, जहां उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
करुणा हेम्ब्रम ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत बरहरवा ब्लॉक के पतना मध्य विद्यालय से की थी। बाद में उनका स्थानांतरण पाकुड़िया ब्लॉक के मोंगलाबांध मध्य विद्यालय में हुआ, जहां से वे वर्ष 2010 में सेवानिवृत्त हुईं। सेवानिवृत्ति के बाद वे सामाजिक सेवा में सक्रिय रहीं और मोंगलाबांध पंचायत से लगातार दो बार मुखिया के रूप में निर्वाचित हुईं।
बुधवार को उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 12 बजे मोंगलाबांध स्थित आवास से उनके पैतृक गांव, दुमका जिला अंतर्गत गोपीकांदर थाना क्षेत्र के नामोडीह ले जाया गया, जहां दोपहर 4 बजे अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए झामुमो महाधिवेशन से लौटकर सीधे महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य पिंकी उपासना मरांडी सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे।
इस अवसर पर जीप अध्यक्ष जुली ख्रीष्टमनी हेम्ब्रम, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, शिक्षक शुशील मुर्मू, देवीलाल हांसदा, मनोज हेम्ब्रम, अशोक साह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे और नम आंखों से मुखिया करुणा हेम्ब्रम को अंतिम विदाई दी।