JSSC-CGL पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी विनय साह की गोरखपुर से गिरफ्तारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची/गोरखपुर। झारखंड स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (JSSC) संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी विनय साह उर्फ हरिहर सिंह को उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ ने गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित हनुमंत नगर कॉलोनी से उसे गिरफ्तार किया गया। विनय साह पूर्वोत्तर रेलवे के यांत्रिक कारखाना में सेक्शन इंजीनियर के पद पर तैनात था और इसी सरकारी पद का उपयोग करते हुए वह पुलिस से छिप रहा था।

झारखंड पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जनवरी 2025 में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं और प्रतियोगी परीक्षा (अधिनियम) 2023 के तहत मामला दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद की गई शुरुआती पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 22 सितंबर 2024 को आयोजित JSSC-CGL परीक्षा का पेपर लीक कराने में उसकी मुख्य भूमिका थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह अपनी लोकेशन छिपाने के लिए नेपाली सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक नेपाली और एक भारतीय सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। उसे शाहपुर थाना में हिरासत में लिया गया है और जल्द ही झारखंड पुलिस उसे रांची ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की कार्यवाही करेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें