संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुच्चू स्थित बरवे रेस्क्यू सेंटर के समीप मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से छात्र की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हाइवा की टक्कर से मौके पर हुई मौत
मृतक की पहचान डहु निवासी एजाज अंसारी के पुत्र दिलसाद अंसारी के रूप में हुई है। वह ओरमांझी स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े दिलसाद को तेज रफ्तार हाइवा (बीआर 02 क्यू 7536) ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ा
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा कर लॉक चौक के पास हाइवा को रोक लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान हाइवा ने सिलदीरी गांव के पास एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
मुआवजा और स्पीड ब्रेकर की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्र के शव के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









