डुमरी: डुमरी विधायक जयराम महतो ने प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार से जल्द बातचीत शुरू करने की अपील की है। उन्होंने सोनम वांगचुक को पत्र लिखने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपना समर्थन व्यक्त किया। जयराम महतो ने कहा कि सोनम वांगचुक पिछले 17 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर हैं और उनका लगातार गिरता स्वास्थ्य गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि लोकतंत्र में हर समस्या का समाधान संवाद से ही संभव है। इसलिए केंद्र सरकार को जल्द पहल करते हुए सोनम वांगचुक से वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
इस दौरान जयराम महतो ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) में कथित पेपर लीक, सॉल्वर गैंग और अन्य अनियमितताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की आवश्यकता है।
विधायक ने कहा कि छात्रों का भविष्य किसी भी राजनीति से ऊपर है। उन्होंने ईश्वर से सोनम वांगचुक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार शांतिपूर्ण वार्ता के जरिए इस मुद्दे का जल्द समाधान निकालेगी।









