रांची:
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने 14 जुलाई की देर रात एसपी सिटी के साथ शहर के विभिन्न थानों, रात्रि गश्ती व्यवस्था और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन और आम लोगों के लिए उनकी उपलब्धता का जायजा लिया गया। साथ ही विभिन्न सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी की भी जांच की गई।
हिंदपीढ़ी थाना में मिली लापरवाही
निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में गंभीर लापरवाही सामने आई। ओडी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी में नहीं मिले, जबकि थाना प्रभारी को अपने ही ओडी अधिकारी का नाम तक पता नहीं था। इस पर एसएसपी ने हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
पीसीआर वैन की भी हुई जांच
एसएसपी ने शहर के विभिन्न इलाकों में तैनात पीसीआर वैन की भी जांच की और उनकी सक्रियता का आकलन किया। ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी और ईमानदारी से कार्य कर रहे पुलिसकर्मियों की सराहना भी की गई।
सतर्क रहने के दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए तथा रात के समय कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या उपद्रव करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#रांची #RanchiPolice #SSP #HindpiriThana #JharkhandNews #PoliceInspection #SanthalHulExpress









