रांची में आज निकलेगी महाप्रभु जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, सुबह 3 बजे से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार से विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा महापर्व और ऐतिहासिक रथ मेले की शुरुआत हो गई। भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा आज शाम 5 बजे निकलेगी। सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर पहुंचने लगी और अहले सुबह तक दर्शन के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लग गई।

विशेष पूजा-अर्चना के बाद रथ पर विराजमान होंगे भगवान

सुबह 4 बजे पूजा-अर्चना और मंगल आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। भगवान के 15 दिनों के एकांतवास के बाद बुधवार को नेत्रदान की परंपरा पूरी की गई थी। मंदिर परिसर में 108 दीपों से भव्य मंगल आरती हुई और भगवान को मालपुआ का भोग अर्पित किया गया। दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन खुले रहेंगे। इसके बाद श्रीविग्रहों को रथ पर विराजमान कराया जाएगा और विशेष श्रृंगार के बाद शाम 5 बजे रथयात्रा शुरू होगी।

रथ पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत 13 लोग रहेंगे सवार

रथयात्रा के दौरान भगवान के रथ पर केवल 13 लोगों को सवार होने की अनुमति होगी। इनमें राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं एक न्यायाधीश, दो विधायक, सांसद संजय सेठ, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, मंदिर के प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव और चार पुजारी शामिल हैं।

25 जुलाई तक चलेगा ऐतिहासिक रथ मेला

शाम 5 बजे रथयात्रा शुरू होगी और श्रद्धालु भगवान के रथ को खींचते हुए मौसीबाड़ी तक ले जाएंगे। शाम 6 बजे रथ मौसीबाड़ी पहुंचेगा और रात 8 बजे 108 दीपों से मंगल आरती के साथ भगवान का शयन कार्यक्रम होगा। रथयात्रा के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक रथ मेला 25 जुलाई तक चलेगा। इसी दिन घुरती रथयात्रा के साथ भगवान अपने मूल मंदिर लौटेंगे।

2000 पुलिस जवान, 215 सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी

रथयात्रा और मेले की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आयोजन समिति की ओर से 100 निजी सुरक्षा गार्ड भी लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 215 सीसीटीवी कैमरे और चार ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

25 जुलाई तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू

रथयात्रा को देखते हुए 16 से 25 जुलाई तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें