संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
नई दिल्ली। लाल किला आत्मघाती हमले की साजिश से जुड़े मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने आरोपी जसीर बिलाल उर्फ दानिश को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की 10 दिन की हिरासत में भेज दिया है। जसीर को एक दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था।
NIA ने अदालत को बताया कि जसीर बिलाल कथित मुख्य हमलावर का ‘सह–साजिशकर्ता’ है और उसके पास से अहम जानकारी व डिजिटल सबूत मिलने की संभावना है। इसी आधार पर जांच एजेंसी ने विस्तृत पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी मांगी, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी।
सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि दानिश को फिदायीन हमले के लिए पहली पसंद माना गया था, लेकिन उसने अंतिम समय में इस मिशन को अंजाम देने से इनकार कर दिया था। NIA अब यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में उसकी भूमिका कितनी गहरी थी और किन लोगों के साथ उसका संपर्क था।
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि एजेंसी डिजिटल डिवाइस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक की जांच कर रही है।








