रांची। झारखंड पुलिस के इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया है। राज्य को पहली बार एक महिला प्रभारी डीजीपी मिली हैं। 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा ने गुरुवार, 6 नवंबर को कार्यभार संभाला और शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई इस औपचारिक मुलाकात के दौरान मिश्रा ने मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट किया। बैठक को राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस सुधारों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकारी सूचना के मुताबिक, तदाशा मिश्रा इससे पहले गृह, कारागार एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। सरकार ने उन्हें प्रभारी डीजीपी के रूप में नियुक्त किया है, जब तक कि आगे के आदेश जारी नहों।.कठोर और अनुशासित छवि वाली मिश्रा अपने कार्यकाल में बोकारो एसपी रहते हुए संगठित अपराध के खिलाफ कई सफल अभियान चला चुकी हैं। उनके नेतृत्व में कई बड़े अपराधियों का सफाया हुआ था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि “राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह कदम प्रेरणादायक है।” मिश्रा की नियुक्ति को झारखंड पुलिस सेवा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। उनकी तस्वीरें मुख्यमंत्री के साथ की भेंट के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।









