रांची । झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह समेत सभी आरोपियों को एक अदालत ने आठ वर्ष पुराने मुकदमे में बरी कर दिया है। यह मुकदमा वर्ष 2017 में तत्कालीन भाजपा विधायक अशोक भगत द्वारा दर्ज कराया गया था। न्यायालय के इस निर्णय के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह सिर्फ उनकी नहीं बल्कि हर उस निर्दोष व्यक्ति की जीत है जिसे राजनीतिक कारणों से परेशान किया गया। उन्होंने कहा सत्य को दबाया जा सकता है, परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता। न्यायालय ने सत्य को पहचाना और हमें न्याय दिया। इस मामले में 80 वर्षीय एक बुजुर्ग सहित कई अन्य लोग भी आरोपी बनाए गए थे, जिन्हें अदालत ने सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है। मंत्री ने इस मुकदमे को राजनीतिक प्रताड़ना का प्रयास बताया।
