करमा पर्व पर थिरके पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, शोभायात्रा में लगाया सेवा शिविर

जमशेदपुर से रिपोर्ट

झारखंड के पारंपरिक करमा पर्व पर बुधवार को जमशेदपुर का भालूबासा चौक पूरी तरह उत्सवधर्मी माहौल में डूबा रहा। विसर्जन शोभायात्रा के दौरान आदिवासी समाज के विभिन्न अखाड़ों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर नृत्य कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसी मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने भव्य सेवा शिविर लगाया। यहां पर आमजन और शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शर्बत, खाद्य पदार्थ और ठंडा पानी वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग इस सेवा में शामिल हुए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मौके पर उरांव, मुंडा, भुइयां, तुरी और मुखी समाज के प्रमुख जनों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने भी पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर करमा पर्व की खुशियां साझा कीं।

रघुवर दास ने कहा, “करमा पूजा प्रकृति के प्रति हमारी श्रद्धा और आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। यह पावन पर्व हमें एकजुटता, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति प्रेम का संदेश देता है।” उन्होंने सभी से अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाए रखने की अपील की।

स्थानीय नागरिकों ने रघुवर दास की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि करमा जैसे पर्व समाज को जोड़ने और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

Leave a Comment