संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता,
रांची : भगवान बिरसा जैविक उद्यान, ओरमांझी में हाल ही में आकर्षण का केंद्र बनी 12 फीट ऊंची मादा जिराफ ‘मिस्टी’ की बुधवार देर रात लगभग 1:15 बजे मौत हो गई। महज छह वर्षीय मिस्टी को 28 दिन पूर्व, 7 अगस्त को कोलकाता के अलीपुर प्राणी उद्यान से वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत रांची लाया गया था।
टकराने से बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार, मिस्टी पिंजरे के भीतर किसी वस्तु से टकराकर घायल हो गई थी। चोट लगने के बाद वह गिर पड़ी और उसकी स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उद्यान प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
खास इंतज़ाम किए गए थे
मिस्टी के लिए चिड़ियाघर में विशेष रूप से 14 फीट ऊंचा बाड़ा तैयार किया गया था। वह कोलकाता से रांची तक लगभग 24 घंटे की लंबी यात्रा के बाद यहां पहुंची थी। मिस्टी उत्तरी जिराफ प्रजाति से संबंधित थी, जो मुख्यतः अफ्रीका के पूर्वी और मध्य हिस्सों जैसे केन्या, दक्षिण सूडान, चाड और नाइजर में पाई जाती है।
पशु प्रेमियों में शोक
इस अप्रत्याशित घटना से चिड़ियाघर प्रशासन और पशु प्रेमियों में गहरा शोक है। उद्यान प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।