लातेहार। झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन पर अपने ही बॉडीगार्ड्स के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगा है।घटना मंगलवार को लातेहार जिला मुख्यालय के जुबली रोड पर जाम के दौरान हुई। बताया गया कि जब सुरक्षाकर्मी जाम हटाने में लगे थे, तभी गुस्से में त्रिपाठी वाहन से उतरे और एक जवान को कथित तौर पर थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि उन्होंने जवानों से गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्द भी कहे। पुलिस मेंस एसोसिएशन ने इस मामले को बेहद गंभीर बताया। उपाध्यक्ष जयप्रकाश पुरी ने कहा, “यह बेहद निंदनीय है कि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सुरक्षाकर्मियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाए।” वहीं अध्यक्ष सुशील सिन्हा ने भी जवानों के अपमान को अस्वीकार्य बताया। दोनों जवानों की ब्रेथ एनालाइज़र जांच की गई, जिसमें वे नशे में नहीं पाए गए। पीड़ित जवान अब लातेहार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। वे अपनी शिकायत की प्रतियां पलामू और लातेहार एसपी को भी सौंपेंगे।
उधर, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने सभी आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने मारपीट की और न ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। उनके मुताबिक, जवानों को केवल डांटा गया क्योंकि वे उनके साथ रहना नहीं चाहते थे।
