भाजपा कार्यालय पर बयान से बवाल : मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयान पर भाजपा नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया

रांची, । झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. इरफान अंसारी के बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। बिहार कांग्रेस कार्यालय में हुई तोड़फोड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने भाजपा को चुनौती दी और कहा अगर राहुल गांधी जी इशारा कर दें, तो भाजपा का एक भी कार्यालय खड़ा नहीं रहेगा। हिम्मत है तो झारखंड में आकर देख लो, पूरा नक्शा बदल दूँगा।

कांग्रेस का पक्ष

डॉ. अंसारी ने भाजपा पर लोकतंत्र पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय उनके लिए “मंदिर समान” है और इसमें तोड़फोड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भाजपा की कार्रवाई को गुंडागर्दी और लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया।

भाजपा की प्रतिक्रिया

इरफान अंसारी के इस बयान पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा यह बयान उनकी कट्टरपंथी सोच को उजागर करता है। दम है तो राहुल जी से आदेश लेकर देख लीजिए, जीत संविधान और लोकतंत्र की होगी।”

सांसद निशिकांत दुबे ने तंज कसा

इरफान भैया, आप आदेश मिलने के बाद भी भाजपा का एक झंडा नहीं छू पाएंगे। मैंने तो देवघर के टॉवर चौक पर कांग्रेस कार्यालय गिरा दिया। बरसने वाले मेघ गरजते नहीं। राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने डॉ. अंसारी पर तीखा हमला बोला और कहा कि उनकी राजनीति अब “बयानबाज़ी और नौटंकी” तक सीमित रह गई है। उन्होंने मंत्री को “सर्कस का जोकर” करार दिया।

भाजपा नेता भानु प्रताप शाही ने सीधी चुनौती दी

बताइए समय और तारीख, किस कार्यालय को जलाने आ रहे हैं – मैं अकेला ही काफी हूँ। अगर भाजपा का झंडा भी छू लिया तो मान लूंगा। इस बयानबाज़ी से झारखंड का सियासी माहौल गरमा गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों आने वाले चुनावों को देखते हुए टकराव की राजनीति को तेज़ कर रहे हैं।

Leave a Comment