श्रद्धालुओं से भरा टेम्पो दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत, कई महिलाएं घायल

गिरिडीह। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियागढ़ घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरा एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मृतकों की पहचान रुक्मणी देवी और शनिचर रजक के रूप में हुई है। वहीं घायलों में बबीता देवी, देवन्ती देवी, फूलन देवी, सोफा देवी और सोशिला देवी समेत कई महिलाएं शामिल हैं। सभी श्रद्धालु धनवार प्रखंड के पचरुखी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेम्पो में कुल 14 लोग सवार थे। वे सभी तिसरी प्रखंड के जमामो स्थित प्रसिद्ध देवी मंदिर में पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक के लिए जा रहे थे। रास्ते में हथियागढ़-जमामो रोड पर स्थित हथियागढ़ घाटी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को धनवार रेफरल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Comment