दुमका में पांच दिनों से लापता छह वर्षीय बच्चे का शव मिला, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

दुमका। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित कुशमाहा गांव में संचालित संत मोनिका आवासीय विद्यालय से पांच दिनों से लापता छह वर्षीय बालक अमन सोरेन का शव बुधवार को एक धान के खेत से बरामद किया गया। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिससे अंदेशा है कि उसकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने विद्यालय परिसर में तोड़फोड़ की और स्कूल का सामान सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद रामगढ़ चौक से गुजरने वाले सभी मार्गों को जाम कर दिया गया। अमन सोरेन अमडापहाड़ी पंचायत के कुपी गांव का निवासी था और नर्सरी कक्षा में पढ़ाई करता था। उसके माता-पिता केरल में मजदूरी करते हैं, जबकि घर पर उसकी देखरेख दादी और अन्य परिजन कर रहे थे। 23 अगस्त की रात विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को सूचित किया कि बच्चा स्कूल से लापता है। परिजन तत्काल विद्यालय पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद रामगढ़ थाना की टीम ने खोजबीन शुरू की। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों की संख्या अधिक होने के बावजूद सुविधाओं की भारी कमी है और प्रबंधन की लापरवाही के कारण ही यह घटना हुई। विरोध के बाद विद्यालय को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। मौके पर पहुंचे दुमका एसडीपीओ विजय कुमार महतो ने पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच में लगाया गया है। दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बालक की मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Comment