तीन लोगों को धकेलने पर स्टार्ट हो रहा वाहन
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
शिवम् गोस्वामी
गोड्डा : जिला अंतर्गत बलवड्डा थाना की चारपहिया पुलिस वाहन की बदहाल स्थिति ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात ऐसे हैं कि वाहन का इंजन तब तक स्टार्ट नहीं होता, जब तक तीन लोग मिलकर उसे धक्का न मारें।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस को किसी आपात स्थिति या अपराधियों की धर-पकड़ के लिए त्वरित कार्रवाई करनी हो, तो ऐसी जर्जर गाड़ी के सहारे कैसे प्रभावी पुलिसिंग संभव है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस मौके तक पहुंचने से पहले ही अपराधी घटनास्थल से कोसों दूर निकल जाएंगे। इस समस्या को लेकर आम जनता में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का सीधा सवाल है कि जब पुलिस के पास दुरुस्त वाहन और आवश्यक संसाधन ही उपलब्ध नहीं होंगे, तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना कैसे संभव होगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और जनता की सुरक्षा में तैनात बलवड्डा थाना पुलिस को कब तक एक चालू, सुरक्षित और भरोसेमंद वाहन उपलब्ध कराया जाता है।








