देवघर: भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के बंधन का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन इस साल 9 अगस्त को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। सावन मास की पूर्णिमा तिथि पर मनाए जाने वाले इस पर्व में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना करती हैं, वहीं भाई बहनों को जीवनभर सुरक्षा का वचन देते हैं।
शुभ योग और मुहूर्त
इस बार रक्षाबंधन का दिन बेहद शुभ माना जा रहा है, क्योंकि इस दिन सौभाग्य योग, शोभन योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग बन रहा है। ये योग पर्व की पवित्रता और महत्व को और बढ़ा देंगे।
पंचांग के अनुसार, राखी बांधने का शुभ मुहूर्त 9 अगस्त को सुबह 05:47 बजे से दोपहर 01:24 बजे तक रहेगा। यानी बहनों के पास अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए 7 घंटे 37 मिनट का समय होगा।
पर्व का महत्व
रक्षाबंधन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है। यह त्योहार भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, अपनापन और जिम्मेदारी की भावना को सशक्त करता है। बदलते समय में यह पर्व न सिर्फ भाइयों-बहनों के बीच, बल्कि समाज में आपसी सद्भाव और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का भी संदेश देता है।