संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता | राजमहल, साहिबगंज

जब प्रशासनिक संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता एक साथ जुड़ती है, तब केवल विकास की नहीं, विचारों की भी क्रांति होती है। इसी दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती ने मॉडल कॉलेज, राजमहल के पुस्तकालय को विभिन्न विषयों की उपयोगी और प्रतिस्पर्धात्मक पुस्तकों से समृद्ध किया। यह पहल न केवल छात्रों के लिए ज्ञान का भंडार है, बल्कि आत्मनिर्भर शिक्षा की ओर उठाया गया एक ठोस कदम है।पुस्तकें प्रदान करते हुए डीसी महोदय ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि,
पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा होता है। इसे समृद्ध करना, विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य के और करीब लाना है। यह प्रेरणास्पद कार्य कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह के विशेष अनुरोध और प्रयासों के फलस्वरूप संभव हुआ, जिन्होंने इस अवसर को विद्यार्थियों के जीवन में बदलाव लाने वाला क्षण बताया। डॉ. सिंह ने महाविद्यालय परिवार की ओर से उपायुक्त को पत्र लिखकर धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा पुस्तकें जीवन की सच्ची मित्र होती हैं। विद्यार्थी जीवन में इससे बढ़कर कोई साथी नहीं होता।
इस सराहनीय कदम की सराहना सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की कुलपति महोदया और कुलसचिव महोदय ने भी की। उन्होंने इसे शिक्षा के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता और कॉलेज प्रशासन की सक्रियता का श्रेष्ठ उदाहरण बताते हुए कहा कि यह प्रयास निश्चित ही विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्राचार्य डॉ. सिंह ने जानकारी दी कि पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन शीघ्र ही विश्वविद्यालय की कुलपति महोदया, उपायुक्त एवं कुलसचिव की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। यह आयोजन न केवल औपचारिक उद्घाटन होगा, बल्कि छात्रों को पुस्तकालय से अधिकतम लाभ उठाने हेतु प्रेरित करने वाला सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक मिलन भी होगा।
छात्रों में विशेष उत्साह
पुस्तकों के आगमन से छात्रों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखी गई। उन्होंने डीसी साहिबगंज और प्राचार्य महोदय का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि ये पुस्तकें उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर निर्माण की दिशा में मार्गदर्शक सिद्ध होंगी। प्राचार्य डॉ. सिंह ने बताया कि जल्द ही पुस्तकालय कार्ड बनाकर विद्यार्थियों को दिया जाएगा, ताकि वे इन पुस्तकों का व्यवस्थित लाभ उठा सकें।इस अवसर पर पुस्तकालय प्रभारी डॉ. अमित कुमार, शिक्षक डॉ. रमजान अली, डॉ. विवेक कुमार महतो, दंडाधिकारी भैया बेसरा, कर्मचारी मोहन कुमार, जयकर, पुस्तक सहायक सुमित कुमार, बबलू हेम्ब्रम, छात्र राहुल वैभव, श्रृष्टि, दीप्ति सहित अनेक लोग उपस्थित थे।