प्लास्टिक मुक्त भारत की ओर एक कदम मालदा मंडल द्वारा श्रमदान अभियान का किया गया आयोजित

जमालपुर स्टेशन और मालदा टाउन रेलवे कॉलोनियों में चला स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मालदा,

विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने आज जमालपुर स्टेशन तथा मालदा टाउन स्टेशन की रेलवे कॉलोनियों में एक विशेष श्रमदान अभियान का आयोजन किया। यह पहल “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें” विषय पर आधारित है, जो इस वर्ष के वैश्विक पर्यावरण दिवस का केंद्रीय विषय है।

यह अभियान मालदा मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ और इसका उद्देश्य न केवल साफ-सफाई सुनिश्चित करना, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति चेतना जागृत करना भी था।

इस स्वच्छता अभियान में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हाउसकीपिंग स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, रेलवे कॉलोनियों और आस-पास के क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे की सफाई की और उसे उचित तरीके से निपटाया।

श्रमदान के दौरान विशेष रूप से सिंगल यूज़ प्लास्टिक (एकल उपयोग प्लास्टिक) के दुष्प्रभावों पर जोर दिया गया। कर्मचारियों ने न केवल सफाई कार्य किया, बल्कि स्थानीय निवासियों और यात्रियों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक भी किया।

अभियान के दौरान पोस्टरों, माइक घोषणाओं और सीधे संवाद के माध्यम से लोगों को बताया गया कि एकल उपयोग प्लास्टिक हमारे पर्यावरण, जलवायु और स्वास्थ्य के लिए कितना घातक है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और प्लास्टिक के उपयोग से बचें।

रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने कहा,

“एक स्वच्छ और हरित भविष्य के निर्माण के लिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम पर्यावरण के प्रति सजग रहें और व्यवहार में बदलाव लाएं। यह अभियान केवल एक दिन की गतिविधि नहीं है, बल्कि एक सतत प्रयास का हिस्सा है।”

मालदा मंडल का यह श्रमदान अभियान रेलवे की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत वह न केवल स्वच्छता, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास की दिशा में गंभीर प्रयास कर रहा है। इस पहल ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि यदि प्रत्येक नागरिक जागरूक हो जाए, तो प्लास्टिक प्रदूषण जैसे गंभीर संकट से भी निपटा जा सकता है।

रेलवे कॉलोनी के निवासियों और स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों ने रेलवे द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की और इस अभियान में स्वेच्छा से भाग भी लिया। कई लोगों ने कहा कि इस तरह की पहल नियमित अंतराल पर होनी चाहिए ताकि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक आदत बन सके।

Leave a Comment