संथाल संथाल हूल एक्सप्रेस
रांची: बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव के बरियातू स्थित आवास पर बुद्ध जयंती का भव्य आयोजन किया गया। शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान बुद्ध के आदर्शों का स्मरण किया।
दार्जिलिंग से आए लामाओं ने किया विशेष पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत दार्जिलिंग से पधारे लामाओं द्वारा बोधिवृक्ष के नीचे स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा की पारंपरिक पूजा से हुई। विधिवत मंत्रोच्चार के साथ भगवान बुद्ध को पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं 108 दीपों को प्रज्वलित कर समर्पण भाव से आरती की गई।
भजन-कीर्तन से गूंजा वातावरण
डोरंडा जैप वन से पहुंचे छोटानागपुर बौद्ध समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र तमांग एवं जैप वन वाहिनी गुंबा समिति के प्रमुख पेमेन जिंबा के नेतृत्व में महिला अनुयायियों ने भक्तिभाव से भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
भगवान बुद्ध के उपदेश आज भी हैं अत्यंत प्रासंगिक- डॉ. रामेश्वर उरांव
भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सह लोहरदगा विधायक डॉक्टर रामेश्वर उरांव ने कहा भगवान बुद्ध उन महान पुरुषों में से एक हैं, जिन्होंने संपूर्ण मानवता को शांति, अहिंसा और आत्मशुद्धि का मार्ग दिखाया। उन्होंने पंचशील और आस्था के रास्ते से जीवन को शुद्ध और सम्यक बनाने की प्रेरणा दी।
डाॅ उरांव ने कहा, भगवान बुद्ध के वचन आज के युग में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। अगर हम उनके मार्गदर्शन में चलें, तो यह संसार हिंसा से मुक्त हो सकता है। इतिहास गवाह है—कलिंग युद्ध में हजारों लोग मारे गए, रक्त की नदियाँ बहीं, लेकिन जब सम्राट अशोक ने बुद्ध के उपदेशों को अपनाया, तो वह मार्ग शांति का बन गया।
इस कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा ,
बुद्ध के विचार ही आज की दुनिया को शांति की ओर ले जा सकते हैं। हमें उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा आज जब समाज में तनाव और द्वेष बढ़ रहा है ऐसे समय में भगवान बुद्ध के सिद्धांत और उद्देश्य सामाजिक सुधार और आत्मिक शांति की दिशा में एक उजाला बन सकते हैं।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा: बुद्ध के विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं
“हर साल की तरह इस वर्ष भी बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर भगवान बुद्ध की जयंती श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जा रही है। आज हम माननीय विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव जी के आवास पर एकत्रित होकर, बोधिवृक्ष के नीचे भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर रहे हैं—उस पवित्र स्थल की प्रतीकात्मक छाया में, जहां उन्होंने आत्मज्ञान की प्राप्ति की थी।”
उन्होंने कहा, “आज हजारों दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं, और फिर भी हर दीप की लौ समान रूप से प्रकाश फैला रही है। यह दर्शाता है कि जिस प्रकार एक दीपक से कई दीप जलाए जा सकते हैं पर उसकी ज्योति कम नहीं होती, उसी तरह जब हम खुशियाँ और करुणा बांटते हैं, तो वह घटती नहीं, बल्कि बढ़ती है। यही भगवान बुद्ध का सच्चा संदेश है।”
डाॅ राजेश गुप्ता ने कहा, “भगवान बुद्ध संसार के महानतम आध्यात्मिक गुरुओं में से एक थे। उन्होंने करुणा, सहिष्णुता और नैतिक जीवन का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी मनुष्य को संतोष, संयम और शांतिपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।”
विशेष रूप से झारखंड की बात करें तो डोरंडा क्षेत्र में ही नहीं, राज्यभर में उनके हजारों अनुयायी हैं। आज के इस आयोजन में दार्जिलिंग से आए लामाओं द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई, झंडा और लंगर की पूजा संपन्न हुई, और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलन कर राज्य की सुख-शांति और तरक्की के लिए प्रार्थना की।
वरिष्ठ अधिकारी निशा उरांव ने कहा, “बुद्ध जयंती केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का अवसर है। भगवान बुद्ध की करुणा और शांति का संदेश हर युवा के जीवन को दिशा दे सकता है। हमें गर्व है कि इस परंपरा को परिवार और समाज मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं।”
समाजसेवी रोहित उरांव ने कहा, “बुद्ध के जीवन से हमें धैर्य, सहिष्णुता और विवेक की शिक्षा मिलती है। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज को सकारात्मक दिशा देनी चाहिए। हमारे परिवार का यह प्रयास रहेगा कि यह परंपरा और संदेश निरंतर आगे बढ़े।”
इनकी रही उपस्थिति
युक्त कार्यक्रम में विधायक डॉ रामेश्वर उरांव,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे,डॉ राजेश गुप्ता,जयशंकर पाठक,सतीश पाॅल मुंजिनी,डॉ रामेश्वर उरांव की पुत्री निशा उराँव, पुत्र रोहित उराँव,कांग्रेस नेता संजय दूबे,विशाल सिंह,मेंहुल दूबे मुख्य रूप से उपस्थित थे।