संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज। शहर के कॉलेज रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के संचालक संजीव कुमार साह की निर्मम हत्या पर भाजपा नेता सत्य प्रकाश सिन्हा ने गहरा दुख और संवेदना प्रकट की है। उन्होंने शनिवार देर शाम इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साहिबगंज एक अमन-चैन पसंद शहर है, और इसे अशांत करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
सत्य प्रकाश सिन्हा ने कहा कि “इस प्रकार की घटनाएँ शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र में घटित होना प्रशासन के लिए एक खुली चुनौती है। ऐसी घटनाओं से लोगों के मन में व्याप्त डर को समाप्त करने के लिए कड़ी कार्रवाई जरूरी है, जिससे पुलिस प्रशासन के प्रति जन विश्वास बढ़ सके।”
उन्होंने जिले के पुलिस कप्तान अमित कुमार सिंह की विशेष रूप से सराहना की, जिन्हें शहर की जनता का समर्थन प्राप्त है। सिन्हा ने कहा कि “हम सभी आशा करते हैं कि जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।”
इसके साथ ही, उन्होंने नगर थाना के प्रभारी अमित गुप्ता की भी सराहना की, जो एक युवा और तेजतर्रार अधिकारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गुप्ता इस मामले का जल्द ही उद्भेदन करेंगे।









